रामपुर (शिमला), 6 मार्च।
शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में पैरोल पर जेल से बाहर आए हरियाणा के एक युवक का शव सतलुज नदी के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान हरियाणा के कैथल जिले के निवासी संदीप कुमार (34) के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से तीन मोबाइल फोन और जुराब में छिपाकर रखा करीब 22.26 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च को रामपुर पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि भगवती होटल के पास सतलुज नदी के किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना रामपुर की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। फुटेज में युवक को सतलुज नदी की ओर जाते हुए देखा गया है और इसी दौरान वह रास्ते में फिसलकर गिरता हुआ भी दिखाई दिया।
पुलिस को मौके से मृतक के पास से तीन मोबाइल फोन मिले हैं। इसके अलावा उसकी जुराब से करीब 22.26 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में मादक पदार्थों से संबंधित कानून के तहत नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक नशे की हालत में नहीं पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि वह चिट्टे की इस खेप को स्थानीय युवाओं को बेचने के इरादे से यहां पहुंचा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संदीप कुमार के खिलाफ हरियाणा के अलग-अलग थानों में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पांच मामले चोरी के हैं, जबकि एक मामला हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा एक मामला उसे घोषित अपराधी की श्रेणी में दर्ज है। वह हत्या के मामले में करीब छह साल से जेल में बंद था और जनवरी 2026 में 70 दिन की पैरोल पर रिहा हुआ था। उसकी पैरोल 21 मार्च 2026 तक थी।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। मामले की आगे की जांच भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 194 के तहत की जा रही है।



