फतेहाबाद, 24 फरवरी।
फतेहाबाद जिले में कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क का खुलासा करते हुए जाखल पुलिस ने मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी सुनील कुमार शेखावत के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना जाखल प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश ने बताया कि इस संबंध में 12 मई 2025 को मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले पंजाब के लहरा गाग्गा निवासी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से ‘विंग्स 100 एमएल कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप (ओनेरेक्स)’ की तीन शीशियां, एक बड़ी स्टील थर्मस बोतल में लगभग नौ शीशियों के बराबर कोडीन युक्त सिरप तथा एक छोटी स्टील थर्मस बोतल में करीब चार शीशियों के बराबर सिरप बरामद किया गया था।
मामले की जांच और तकनीकी विश्लेषण के दौरान पता चला कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की आपूर्ति दिल्ली क्षेत्र से की जा रही थी। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुख्य सप्लायर सुनील कुमार शेखावत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली से अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप की खेप उपलब्ध कराता था, जिसे आगे हरियाणा में सप्लाई किया जाता था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है तथा सप्लाई श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।



