यमुनानगर, 27 फरवरी 2026।
यमुनानगर में एक ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी कर्मी के साथ कथित मारपीट और बंधक बनाकर पिटाई करने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ित हरविंद्र कुमार के अनुसार मामूली सड़क हादसे के बाद कार चालक उसे बहाने से सुनसान स्थान पर ले गया और वहां अन्य साथियों के साथ मिलकर बेरहमी से मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने हाल ही में डिलीवरी का काम शुरू किया था। गुरुवार शाम ऑर्डर पहुंचाने के दौरान उसकी बाइक एक लग्जरी कार से टकरा गई। इसके बाद उसने मौके पर ही माफी मांग ली, लेकिन चालक ने वाहन मालिक से बातचीत कराने के बहाने उसे साथ चलने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि चालक उसे कार में बैठाकर शहर के एक एकांत परिसर में ले गया, जहां गेट बंद कर दिया गया और कुछ ही देर में चार-पांच अन्य युवक वहां पहुंच गए और उसे जमीन पर गिराकर डंडों और लात-घूंसों से पीट दिया, जिससे उसके पैरों और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और पुलिस में प्रभाव होने की बात कहकर डराने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपियों ने उसे कार में बैठाकर घर के पास छोड़ दिया और किसी को घटना की जानकारी न देने की चेतावनी दी। घटना से परेशान डिलीवरी कर्मी सीधे कंपनी कार्यालय पहुंचा और साथियों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद देर रात वह सहयोगियों के साथ थाना सेक्टर-17 पहुंचा और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना सेक्टर-17 के जांच अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



