जींद, 24 फरवरी।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन द्वारा जिले के 25 गांवों में संयुक्त रूप से जल संरक्षण एवं पेयजल बिल वसूली अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 6310 घरों का सर्वे कर 1 लाख 85 हजार 290 रुपये की रिकवरी की गई। इस दौरान 182 उपभोक्ताओं ने बकाया बिल जमा कराया, जबकि 65 को नोटिस जारी किए गए।
जिला सलाहकार रणधीर मताना ने बताया कि मंगलवार को गांव शामदो, लिजवाना खुर्द, निडाना, मखंड, सिंगवाल, भिड़ताना, पाजू खूर्द और अलेवा में विशेष अभियान चलाया गया। जिले में विभागीय संयुक्त टीमें जल संरक्षण के प्रति जागरूकता के साथ-साथ बकाया बिलों की वसूली कर रही हैं।
अलेवा खंड में खंड समन्वयक ईश्वर सिंह के नेतृत्व में शामदो व चुहड़पुर, जुलाना खंड में सोमलता सैनी के नेतृत्व में लिजवाना खुर्द, दिनेश मलिक के नेतृत्व में निडाना व झांझ कला, कुशल शर्मा के नेतृत्व में मखंड, सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सिंगवाल व अंबरसर, सुरेंद्र दुग्गल के नेतृत्व में बरताना तथा बलवान के नेतृत्व में पाजू खूर्द में अभियान चलाया गया।
टीमें घर-घर जाकर पेयजल बिल वितरित कर रही हैं। साथ ही अवैध कनेक्शन काटने, 16 अस्वच्छ कनेक्शन दुरुस्त कराने और दर्जनों लीकेज ठीक कराने की कार्रवाई भी की गई। इसके अलावा स्कूल कार्यक्रम, ग्राम सभा, समूह बैठक और नोटिस जारी करने का अभियान भी जारी है।



