जींद, 25 फरवरी।
किसान छात्र एकता संगठन ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के डीन ऑफ अकादमिक डॉ. विशाला वर्मा को ज्ञापन सौंपकर आंतरिक मूल्यांकन अंकों में हो रही गड़बड़ी को दूर करने की मांग की। डीन ने छात्रों को आश्वासन दिया कि मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होने दी जाएगी।
संगठन के युवा अध्यक्ष नवरत्न माथुर ने बताया कि नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित आंतरिक मूल्यांकन के अंक और घोषित परिणामों में अंतर पाया गया है, जो छात्रों के साथ अन्याय है। उन्होंने मामले की तत्काल जांच कर प्रभावित छात्रों को न्याय देने की मांग की।
छात्र नेता सुमित लाठर ने कहा कि छात्रों के अंकों में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो छात्र हित में आंदोलन किया जाएगा।



