जींद, 07 फरवरी।
नरवाना में सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 300 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपित से नशा नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
सीआईए नरवाना प्रभारी सुखदेख ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चमेला कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक वहां से खिसकने लगा, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे काबू कर लिया।
तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान चमेला कॉलोनी निवासी साहिल के रूप में हुई। शहर थाना नरवाना में आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। गिरफ्तार युवक से सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।



