जींद, 17 फरवरी।
एनएसयूआई ने मंगलवार को चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. रामपाल सैनी को ज्ञापन सौंपते हुए परिसर में एटीएम बंद करने के निर्णय पर विरोध जताया। एनएसयूआई ने मांग की कि विश्वविद्यालय परिसर में एटीएम को तुरंत पुनः चालू किया जाए, ताकि छात्रों को वित्तीय सुविधाओं में असुविधा न हो।
एनएसयूआई के अध्यक्ष जयदीप सिंधु ने कहा कि विश्वविद्यालय में हजारों छात्र और छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे में एटीएम बंद करना छात्रों के हित के खिलाफ कदम है। उन्होंने बताया कि एटीएम न होने से विद्यार्थियों को बैंकिंग कार्यों के लिए परिसर से बाहर जाना पड़ रहा है, जिससे समय की बर्बादी के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो रही हैं।
जयदीप सिंधु ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द एटीएम को चालू नहीं करता, तो एनएसयूआई छात्र हितों की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी। उन्होंने पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन पर डाली। इस मौके पर सचिन, सुखविंदर, आशीष सहित कई छात्र मौजूद रहे और उन्होंने भी इस मुद्दे पर अपनी चिंता जताई।
एनएसयूआई का कहना है कि शिक्षा संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं की उपेक्षा छात्रों की पढ़ाई और जीवन में बाधा डाल सकती है। इसलिए एटीएम सुविधा को शीघ्र बहाल करना अत्यंत आवश्यक है।



