सिरसा, 25 फरवरी 2026
सिरसा जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के एक तस्कर को करीब 50 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के मुक्तसर निवासी हरजिंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के अनुसार सीआईए स्टाफ की टीम गांव चक्क साहिबा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 266 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन पंजाब के लोहगढ़ क्षेत्र से लेकर आया था और इसे सिरसा व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश करेगी। एसपी ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अपराध नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।



