यमुनानगर, 10 मार्च।
यमुनानगर के थाना बुड़िया क्षेत्र में एक स्कूली छात्रा के साथ लूटपाट की घटना सामने आई है। दोपहर को पांच युवकों ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर रास्ते में छात्रा को रोका और उसके सोने के आभूषण छीन लिए। विरोध करने पर युवकों ने छात्रा को बेल्ट से पीटा।
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा के पिता अहसान ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी सितारा, जो सरकारी स्कूल बुड़िया में दसवीं कक्षा की छात्रा है, 7 मार्च को परीक्षा पत्र लेकर घर लौट रही थी। छात्रा थ्री-व्हीलर से शाहजादपुर अड्डे पर उतरी और पैदल अपने घर की ओर जा रही थी।
पुलिया के पास पहुंचते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक आए और उसे पकड़कर कच्चे रास्ते की ओर ले गए। वहां आरोपियों ने जबरन उसके कानों से बालियां और नाक का कोका निकाल लिया। छात्रा द्वारा विरोध और शोर मचाने पर एक युवक ने बेल्ट से पिटाई की और अन्य आरोपियों ने उसकी स्कूल यूनिफॉर्म भी क्षतिग्रस्त कर दी।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घबराई छात्रा घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिवार ने पहले अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



