नई दिल्ली, 10 मार्च।
दक्षिणी दिल्ली के अंबेडकर नगर थाना क्षेत्र के मदनगीर में मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान निखिल उर्फ निक्की (30) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात लगभग 8:45 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार बदमाश आए और निखिल पर कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल निखिल को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही अंबेडकर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनकर वे घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने यह भी बताया कि निखिल के माता-पिता पहले ही मृत हैं और परिवार में एक बहन और दो भाई हैं।
सूत्रों के अनुसार, निखिल करीब डेढ़ महीने पहले एक हत्या के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दो से तीन युवक ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं।



