नई दिल्ली, 10 मार्च।
पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके से लापता हुए 28 वर्षीय यूट्यूबर आकाश का शव सोमवार को आनंद विहार के जंगल में झाड़ियों से बरामद हुआ। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, आकाश सात मार्च से मंडावली स्थित अपने घर से लापता थे। परिजनों ने उसी दिन मंडावली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले में गंभीरता से कार्रवाई नहीं की।
परिजनों के मुताबिक, आकाश के मोबाइल की अंतिम लोकेशन आनंद विहार क्षेत्र में दिखाई दी। इसके बाद परिवार के लोग खुद वहां पहुंचे और जंगल वाले इलाके में काफी देर तक तलाश करने के बाद झाड़ियों में आकाश का शव मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची आनंद विहार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंडावली थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आकाश मंडावली ऊंचे पर इलाके में परिवार के साथ रहते थे और कपड़ों का शोरूम चलाते थे। सोशल मीडिया पर उनके चार लाख से ज्यादा फॉलोअर बताए जा रहे हैं। परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो साल की बेटी है।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जांच कर रहे एक पुलिसकर्मी ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाने के नाम पर उनसे 10 हजार रुपये भी लिए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



