भोपाल, 10 मार्च।
देश की पहली महिला शिक्षिका और प्रख्यात समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने समाज में महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए किए गए उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए कहा कि सावित्रीबाई फुले महिला सशक्तिकरण की प्रेरणास्रोत और महान समाज सेविका थीं। उन्होंने अपने जीवन में महिलाओं की स्थिति को बेहतर बनाने और शिक्षा के प्रसार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि सावित्रीबाई फुले ने छुआछूत, सती प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। समाज को इन बुराइयों से मुक्त कराने के लिए उनके प्रयासों ने नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में नए युग की शुरुआत की।
डॉ. यादव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन और उनका संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।



