खंडवा, 10 मार्च।
मध्य प्रदेश शासन की मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत खंडवा जिले के वरिष्ठ नागरिकों को रामेश्वर और मदुराई की तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। इस योजना के तहत मंगलवार को विशेष ट्रेन के माध्यम से यात्रियों को रवाना किया जाएगा।
खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि रामेश्वर और मदुराई तीर्थस्थलों के लिए विशेष रेलगाड़ी मंगलवार को प्रस्थान करेगी, जो यात्रियों को दर्शन कराकर 16 मार्च को वापस खंडवा लौटेगी।
इस यात्रा के लिए चयनित यात्रियों को रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पार्वतीबाई धर्मशाला में टिकट वितरित किए जाएंगे। प्रशासन ने सभी चयनित यात्रियों और प्रतीक्षा सूची में शामिल वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर धर्मशाला में उपस्थित हों।
यात्रियों से कहा गया है कि वे अपने साथ आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र की मूल प्रति अवश्य लेकर आएं, ताकि यात्रा से संबंधित प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।



