गाजियाबाद, 02 मार्च 2026
गाजियाबाद में यू-ट्यूबर सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमला करने वाले एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। आरोपी मुस्लिम धर्म में व्याप्त कुछ कुरीतियों और कट्टरवाद के खिलाफ खुलकर बोलने वाले सलीम वास्तविक पर हमला करने के मामले में शामिल था। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं संज्ञान लेते हुए पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तीन दिन में करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि बीते शुक्रवार को बाइक पर सवार होकर आए हेलमेट पहने दो बदमाशों ने लोनी थाना क्षेत्र की अली गार्डन कॉलोनी स्थित कार्यालय में सलीम वास्तविक का गला रेतने के बाद चाकू से पेट में ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सलीम पर हमला करने वाले आरोपी लोनी क्षेत्र में किसी अन्य बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की और दो बाइक पर सवार बदमाशों को आते हुए देखा।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय जीशान निवासी अमरोहा के रूप में हुई। उसका एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा।
घटना के बाद घायल सलीम को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे थे। बाद में परिजन उन्हें साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस की तीन टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी थीं और करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के बाद हेलमेट पहने आरोपियों की पहचान हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के खोड़ा में रहने की जानकारी मिलने के बाद इन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।



