कुसमुंडा, 05 मार्च।
जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में होली के दिन एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। होली खेलने घर से निकला युवक रातभर घर नहीं लौटा और गुरुवार सुबह उसका शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुसमुंडा थाना क्षेत्र के सुराकछार और आनंद नगर के बीच खोलार नदी किनारे गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ देखा गया। मृतक की पहचान मनीष कंवर (18) पिता धुल सिंह कंवर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनीष बुधवार दोपहर होली खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर खोलार नदी के पास एक पेड़ पर गमछे से बने फंदे में युवक का शव घुटनों के बल झूलता हुआ मिला। उस समय तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और आशंका है कि युवक की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने आत्महत्या की है या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


