फिरोजाबाद, 02 मार्च 2026
फिरोजाबाद में थाना नसीरपुर पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में एक लुटेरे के पैर में गोली लग गई, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोप है कि इन लुटेरों ने बुकिंग के बहाने ऑटो चालक से नकदी, मोबाइल और ऑटो लूट लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना नसीरपुर क्षेत्र के निवासी राजेश कुमार ऑटो चलाने का काम करते हैं। 01 मार्च की रात दो व्यक्तियों ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से रपड़ी गांव जाने के लिए उनका ऑटो बुक किया था। रास्ते में दोनों व्यक्तियों ने ऑटो, मोबाइल फोन और 1200 रुपये लूट लिए। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी तभी सूचना मिली कि लूटे गए ऑटो को रपड़ी गांव के जंगल में छिपाया गया है और आरोपी उसे बेचने की कोशिश में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान ऑटो चला रहा संदिग्ध चालक कच्चे रास्ते पर वाहन मोड़कर भागने लगा। ऑटो में बैठे दूसरे संदिग्ध ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
फायरिंग में गोली पुलिस टीम के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र राजौरिया के हाथ को छूती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक संदिग्ध के पैर में गोली लग गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनवीर उर्फ सोनू निवासी खितौली और प्रशान्त उर्फ भोला निवासी खितौली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, 1000 रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल फोन और ऑटो बरामद किया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



