देवरिया, 06 फ़रवरी (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में थाना भाटपार रानी और बनकटा पुलिस की संयुक्त टीम ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन और अवैध हथियार बरामद किए हैं, जबकि चार गौवंशीय पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया है।
थानाध्यक्ष भाटपार रानी अभिषेक कुमार राय ने बताया कि देर रात वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिली कि बनकटा–अमेठीया मार्ग पर ऐंठी के पास एक पिकअप वाहन में गौवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से चार गौवंशीय पशु बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से बिहार के सिवान जिले के निवासी अरविंद पासवान उर्फ टेनी और अफरोज आलम उर्फ सुड्डू को गिरफ्तार कर लिया।
इसी बीच एक अन्य आरोपी पुलिस को देखकर फरार होने लगा और गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसने अपना नाम बिहार के खगौरा निवासी छोटे अली उर्फ कमरे आलम बताया। आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर गौवंशीय पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है और मामले में विधि सम्मत आगे की कार्रवाई की जा रही है।



