बद्दी, 27 फ़रवरी।
जिला सोलन के बद्दी स्थित मलकुमाजरा की हरे कृष्णा गौशाला में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश गौवंश सेवा प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक और कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
डॉ. बिन्दल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में बढ़ते बेसहारा गौवंश और सड़कों की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इस समस्या पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिससे मानव जीवन के साथ-साथ पशुधन की भी हानि हो रही है।
उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण, गौपालन और बेसहारा पशुओं के पुनर्वास के लिए ठोस नीति और प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता है। बड़ी संख्या में गौवंश के सड़कों पर घूमने से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है।
डॉ. बिन्दल ने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकारों ने गौ अभयारण्यों और गौशालाओं के माध्यम से बेसहारा पशुओं की व्यवस्था कर किसानों और वाहन चालकों को राहत दी थी। उन्होंने प्रदेश सरकार से गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण, बेसहारा पशुओं के संरक्षण और तस्करी पर रोक के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।


.jpg)
