सुल्तानपुर, 06 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव में हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त असलहे की तलाश के दौरान पुलिस और आरोपित के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपित घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक कुवंर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार शाम कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव में हुई फायरिंग की घटना के मुख्य आरोपित दीपक सोनकर को पुलिस ने धोपाप के पास उसके घर के समीप से गिरफ्तार किया। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश के दौरान पुलिस और उसके बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि आरोपित लंभुआ थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
बताया गया कि गुरुवार शाम दो पटीदारों, होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप सोनकर और रमेश सोनकर के बीच विवाद हो गया था। इससे पहले सुबह वीरेंद्र प्रताप के छोटे बच्चे और रमेश सोनकर के परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उस समय दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया था और पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई थी।
शाम के समय रमेश सोनकर के परिवार की महिलाएं और उनका बेटा भोलू सोनकर वीरेंद्र प्रताप के घर पहुंचे। वहां विवाद फिर बढ़ गया और आरोप है कि भोलू सोनकर ने करीब पांच राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग के दौरान मोहित के सीने में दो गोलियां लगीं, जिससे इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मंगल को भी एक गोली लगी, जिसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है।
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपित दीपक सोनकर की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और थाने की विशेष टीमों का गठन किया था। इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।



