कटनी, 10 मार्च।
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर जगतपुर उमरिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हुई।
हादसा रात लगभग 12 बजे चपहनी मोड़ के पास हुआ। बाइक पर सवार चार युवक कटनी से उमरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से उमरिया की तरफ से आ रही कार ने बाइक को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक सड़क पर गिरकर दम तोड़ बैठे। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर बड़वारा थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी मृतक और घायलों को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चारों बाइक सवार युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक उनकी उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। देर रात तक पहचान नहीं हो पाई थी। शवों को मॉर्चुरी में रखवाया गया है और उनके पास मिले सामान व बाइक नंबर के आधार पर पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



