भोपाल, 10 मार्च।
मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिल रहा है। दिन के समय तेज धूप और बढ़ती गर्मी के कारण कई शहरों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है। सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित कई शहरों में दिन के दौरान ‘लू’ जैसी स्थिति महसूस की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी इसी तरह की तेज गर्मी बने रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मार्च के महीने में पिछले साल की तुलना में अधिक गर्मी दर्ज की जा रही है। भोपाल, इंदौर और रीवा-शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 1.9 से 2.7 डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। वहीं ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान सामान्य से करीब 3.1 से 4.6 डिग्री तक अधिक दर्ज हुआ है। प्रदेश के आधे से अधिक क्षेत्रों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर बना हुआ है।
मार्च के पहले पखवाड़े में ही कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंचने लगा है। सोमवार को रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो, धार, गुना, दमोह, सागर, श्योपुर और मंडला में भी तापमान 38 डिग्री या उससे अधिक रहा। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर और उज्जैन में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। वहीं भोपाल में 36.8 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री और जबलपुर में 36 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा की दिशा में बदलाव के कारण गर्मी तेजी से बढ़ रही है। पहले हवाएं उत्तर-पूर्व दिशा से चल रही थीं, लेकिन अब उनका रुख पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर हो गया है। साथ ही हवा में नमी की कमी और रेगिस्तानी क्षेत्रों से आने वाली गर्म हवाओं के कारण तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 मार्च के बाद प्रदेश के मौसम में कुछ बदलाव संभव है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी और दक्षिणी इलाकों में हल्के बादल छाने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। सामान्यतः प्रदेश में तेज गर्मी का दौर मार्च के दूसरे पखवाड़े में शुरू होता है, लेकिन इस बार मौसम का रुख पहले ही बदलता नजर आ रहा है।



