भोपाल, 20 फरवरी।
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के करीब आधे हिस्से में तेज आंधी और बारिश देखी गई, जबकि उज्जैन, मंदसौर सहित कई जिलों में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन कोई चेतावनी नहीं दी है, लेकिन 23 और 24 फरवरी को फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से प्रदेश का मौसम बदला है। बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश और ओले इसी का परिणाम हैं। उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं ने दिन के तापमान को कम किया और मौसम सुहाना बना दिया।
तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने से फसलें प्रभावितप्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि के कारण फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उज्जैन जिले के घट्टिया, महिदपुर और उन्हेल के ग्रामीण इलाकों में खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं, जिससे किसानों को नुकसान हुआ। प्रशासन ने नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 25 जिलों के करीब 80 शहरों और कस्बों में बारिश दर्ज की गई। इनमें धार, श्योपुर, शिवपुरी, इंदौर, आगर-मालवा, उज्जैन, राजगढ़, खरगोन, मुरैना, सीहोर, दतिया, ग्वालियर, भोपाल, गुना, रतलाम, बड़वानी, मंदसौर, शाजापुर, देवास, विदिशा, अशोकनगर, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर शामिल हैं। श्योपुर के नालछा में सबसे अधिक 1 इंच बारिश हुई, जबकि श्योपुर में आंधी की रफ्तार 63 किमी प्रति घंटे रही।
दिन में ठंडक, रात में राहतबारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन में तापमान में गिरावट आई। गुरुवार को लोगों ने गर्म कपड़े पहने हुए देखे गए। रात का तापमान अपेक्षाकृत ऊँचा रहा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। खजुराहो और कल्याणपुर में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 फरवरी को बारिश की कोई चेतावनी नहीं है और दिन में धूप निकलने की संभावना है।



