शिमला, 24 फरवरी।
हिमाचल प्रदेश में मौसम फिलहाल साफ बना हुआ है, लेकिन 27 और 28 फरवरी को राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अभी किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है, जिससे व्यापक असर की आशंका कम मानी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। इसके बाद 27 और 28 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी और निचले इलाकों में बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। 1 और 2 मार्च को फिर से मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे यह गतिविधि अल्पकालिक रह सकती है।
प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम साफ रहने के कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। धूप निकलने से दिन में हल्की गर्माहट महसूस हुई, लेकिन जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड अभी भी बनी हुई है।
लाहौल-स्पीति में ठंड का असर सबसे अधिक है। ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री नीचे और कुकुमसेरी में पारा माइनस 5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मंगलवार को शिमला में 7.8, सुंदरनगर 8.9, भुंतर 7.2, कल्पा 0.8, धर्मशाला 10.6, ऊना 8.6, नाहन 9.7, पालमपुर 9.5, सोलन 6.2, मनाली 3.1, कांगड़ा 10.3, मंडी 9.5, बिलासपुर 10.5, जुब्बड़हट्टी 9.4, सेओबाग 5.5, बरठीं 9.6, कसौली 10.2, पांवटा साहिब 14.0, सराहन 5.5, देहरा गोपीपुर 13.0 और नेरी में 13.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।



