राजगढ़, 6 मार्च।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जहरीला पदार्थ खाने से दो लोगों की मौत होने की घटनाएं सामने आई हैं।
ब्यावरा शहर थाना क्षेत्र के अपना नगर में रहने वाले 35 वर्षीय युवक ने गुरुवार रात अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं ब्यावरा देहात थाना क्षेत्र के बखतपुरा गांव में रहने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना पुलिस के अनुसार अपना नगर निवासी 35 वर्षीय कमल पुत्र कालूराम शाक्यवार ने घर पर ही जहर खा लिया था। गंभीर स्थिति में परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे भोपाल रेफर किया गया। बताया गया है कि कचनारिया स्थित टोल नाके के पास पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार युवक टाइल्स लगाने का काम करता था और उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देहात थाना पुलिस के मुताबिक ग्राम बखतपुरा निवासी 60 वर्षीय प्रेमकुमार पुत्र नारायणप्रसाद सोनी ने भी घर में जहर खा लिया था। परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि वह मूल रूप से तलेन के निवासी थे और पिछले 25-30 वर्षों से परिवार के साथ ब्यावरा के पास ग्राम बखतपुरा में रह रहे थे। व्यक्ति ने किन परिस्थितियों में जहर खाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरू कर दी है।



