कोलकाता 24 जनवरी 2026।
कोलकाता के तिलजला इलाके में सोमवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। व्यक्तिगत विवाद के बाद हुई इस फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायल युवक की पहचान मोहम्मद नियाज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम नियाज और मोहम्मद सलमान के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन आरोप है कि देर रात सलमान ने नियाज को घर से बाहर बुलाकर उस पर पांच से छह राउंड गोलियां चला दीं, जिससे वह मौके पर ही गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सूत्रों के अनुसार आरोपी सलमान का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ चोरी, डकैती और वसूली जैसे मामले पहले भी दर्ज हैं। हालांकि दोनों के बीच विवाद किस कारण हुआ, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
पुलिस ने घटना की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।



