मेदिनीपुर, 24 फरवरी।
पश्चिम बंगाल के घाटाल क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दिशा पाल (परिवर्तित नाम) के रूप में हुई है, जो दांदीपुर इलाके की रहने वाली थी और स्थानीय उच्च विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा थी।
स्थानीय जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात छात्रा अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रारंभिक जांच में मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
सहपाठियों के मुताबिक छात्रा पिछले कुछ महीनों से एक किशोर के साथ संबंधों को लेकर मानसिक तनाव में थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को भी दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था, जिसके बाद छात्रा ने यह कदम उठाया।
यह भी दावा किया जा रहा है कि छात्रा ने घटना से पहले अपने मोबाइल फोन में कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे। पुलिस मोबाइल फोन जब्त कर मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
स्कूल के प्रधान शिक्षक ने घटना पर दुख जताते हुए सुबह सूचना मिलने के बाद छात्रा के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस ने सोमवार रात ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



