हावड़ा, 28 फरवरी।
दोलयात्रा के अवसर पर पूर्व रेलवे ने हावड़ा मंडल में कई लोकल ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। तीन मार्च, मंगलवार को होने वाले इस पर्व के दिन अप और डाउन मिलाकर कुल 65 लोकल ट्रेनें नहीं चलेंगी।
रेल अधिकारियों के अनुसार, दोलयात्रा के दिन विशेषकर सुबह के समय यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहती है। परिचालन संतुलन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
हावड़ा–बर्दवान मुख्य लाइन पर पांच लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं हावड़ा–बर्दवान कॉर्ड लाइन पर सर्वाधिक 13 ट्रेनें निरस्त की गई हैं। हावड़ा–बैंडेल मुख्य लाइन पर 15, हावड़ा–सेवड़ाफुली खंड में 10 तथा हावड़ा–तारकेश्वर मार्ग पर आठ लोकल ट्रेनों का परिचालन बंद रहेगा।
इसके अतिरिक्त नैहाटी–बैंडेल मार्ग पर छह, हावड़ा–श्रीरामपुर मार्ग पर चार और बर्दवान–काटवा खंड में भी चार लोकल ट्रेनें रद्द की गई हैं।
हालांकि यात्रियों को आंशिक राहत देते हुए हावड़ा मंडल की दो लोकल ट्रेनें सभी स्टेशनों पर ठहरेंगी। इनमें 37815 हावड़ा–बर्दवान लोकल और 37824 बर्दवान–हावड़ा लोकल शामिल हैं।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।



