अलीपुरद्वार, 28 फरवरी।
जिले के हासीमारा एशियन हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार महिला चाय श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, भर्नाबाड़ी चाय बागान की महिला श्रमिकें रोजाना की तरह सुबह दूसरे बागान के काम के लिए जा रही थीं। इसी दौरान डुवर्स ढाबा के पास तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही महिलाओं को टक्कर मार दी। घटना इतनी गंभीर थी कि चार महिलाओं की मौत घटनास्थल पर हो गई।
हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया। नाराज श्रमिकों ने एशियन हाईवे को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



