कोलकाता, 26 फरवरी 2026।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के सॉल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में गुरुवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रसिद्ध साहित्यकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के परिवार से जुड़े सुमित्र चट्टोपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने उन्हें पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर औपचारिक रूप से स्वागत किया। कार्यक्रम में राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
पार्टी में शामिल होने के बाद सुमित्र चट्टोपाध्याय ने राज्य सरकार की रोजगार नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि रोजगार विनिमय से जुड़े लाखों युवाओं का डाटा एक प्रशासनिक आदेश के तहत हटाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके स्थान पर बनाए गए रोजगार बैंक में लगभग चालीस लाख युवाओं का पंजीकरण किया गया था, लेकिन बाद में युवश्री योजना को समाप्त कर दिया गया। वर्तमान में युवा साथी योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को प्रतिदिन मात्र पचास रुपये की सहायता दी जा रही है, जो युवाओं की वास्तविक रोजगार जरूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित वंदे मातरम् ने देश में राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बंकिमचंद्र के राष्ट्रवादी विचार और आदर्श समाज को नई दिशा देने में सहायक होंगे। उन्होंने सुमित्र चट्टोपाध्याय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि समाज के सम्मानित व्यक्तियों के राजनीति में आने से सकारात्मक बदलाव आएंगे।



