जयपुर, 19 फ़रवरी।
राजस्थान में दो दिन तक हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को मौसम साफ हो गया। हालांकि, सुबह के समय कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोटपुतली-बहरोड़, अजमेर और कोटा सहित कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी लगभग 50 मीटर तक सिमट गई। ग्रामीण इलाकों में खेत कोहरे में ढके रहे और नेशनल हाईवे-48 तथा स्टेट हाईवे पर वाहन चालकों को फॉग लाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार को कई जिलों में ओले गिरे, जिससे तापमान में 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा, सवाई माधोपुर, बूंदी, बांरा, झालावाड़, भीलवाड़ा, टौंक और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में बारिश हुई।
जहां उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में ठंडक बनी रही, वहीं पश्चिमी हिस्सों में हल्की धूप से तापमान बढ़ा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32.4, जालोर 31.7, चूरू 31.3, जोधपुर 30.2, फलोदी 32.4 और पाली के जवाई क्षेत्र में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो चुका है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा, दिन में धूप निकलेगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। अगले पांच दिन मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है।



