जयपुर, 09 मार्च
प्रश्नकाल में हरीश चौधरी के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए मंत्री ने बताया कि कृषि आदानों की जांच क्षमता बढ़ाई गई है। वर्ष 2024-25 में 59 हजार नमूनों की वार्षिक क्षमता को बढ़ाकर 2025-26 में 76,250 नमूने प्रतिवर्ष कर दिया गया।
जनवरी 2026 तक लिए गए नमूनों में कुल 2220 नमूने अमानक पाए गए। इनमें से 466 प्रकरण न्यायालय में दायर किए जा चुके हैं। 117 मामलों में एफआईआर दर्ज हुई और 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 27 चालान, 39 लाइसेंस निरस्त, 215 लाइसेंस निलंबित और 128 जब्ती की कार्रवाई हुई।
कृषि मंत्री ने बताया कि गुणवत्ता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत निरीक्षक कृषि आदान निर्माण इकाइयों और विक्रेताओं का निरीक्षण कर नमूने लेते हैं, जिनका विश्लेषण अधिसूचित प्रयोगशालाओं में किया जाता है। परिणामों के आधार पर संबंधित अधिनियमों और आदेशों के तहत कार्रवाई की जाती है।
विभाग फसल मौसम से पहले विशेष गुणवत्ता नियंत्रण अभियान भी चलाता है, ताकि बाजार में उपलब्ध उर्वरक, बीज और कीटनाशकों की गुणवत्ता सुनिश्चित हो और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।



