काठमांडू, 09 मार्च।
नेपाल की संघीय संसद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार को सिंहदरबार में पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ राष्ट्रीय सभा के अध्यक्ष नारायण प्रसाद दाहाल ने नेपाल के संविधान के अनुच्छेद 86 की धारा 2 के तहत दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष दाहाल ने सदस्यों को संसद का आधिकारिक प्रतीक चिन्ह प्रदान किया और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रीय सभा में कुल 59 सदस्य होते हैं और संवैधानिक प्रावधान के अनुसार हर दो साल में इसके एक-तिहाई सदस्यों का चुनाव होता है। इस बार 18 सीटों के लिए 25 जनवरी को चुनाव कराए गए थे। विभिन्न प्रांतों से नए सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
कोशी प्रदेश से रोशनी मेचे, सोमनाथ पोर्टेल और सुनील बहादुर थापा चुने गए। मधेश प्रदेश से रेखा कुमारी झा, धर्मेंद्र पासवान, रंजीत कर्ण और महन्थ ठाकुर ने जीत दर्ज की।
बागमती प्रदेश से गीता देवकोटा और प्रेम प्रसाद डंगाल, गंडकी प्रदेश से जगत तिमिल्सिना और सम्झना देवकोटा निर्वाचित हुए। लुम्बिनी प्रदेश से राम कुमारी झांकी, चंद्रबहादुर केसी और वासुदेव घिमिरे को चुनाव में सफलता मिली।
कर्णाली प्रदेश से मीना सिंह रखाल और ललित जंग शाही, सुदूरपश्चिम प्रदेश से लीला कुमारी भंडारी और खम्ब बहादुर खाती राष्ट्रीय सभा के सदस्य बने हैं।



