दक्षिण एशिया
17 Feb, 2026

नेपाल में मध्यमा मिथिला परिक्रमा का शुभारंभ, जनकपुरधाम में हुआ स्वागत

नेपाल में मध्यमा मिथिला परिक्रमा शुरू हुई, जिसमें राम-जानकी की पालकी के साथ 120 किलोमीटर की यात्रा नेपाल और भारत के धार्मिक स्थलों से होकर गुजर रही है।

काठमांडू, 17 फरवरी।

नेपाल में धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की मध्यमा मिथिला परिक्रमा सोमवार से शुरू हुई, जिसमें मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री कृष्णप्रसाद यादव ने धनुषा जिले के कचुरी स्थित मिथिला बिहारी मठ से भगवान राम-जानकी की पालकी उठाकर यात्रा का शुभारंभ किया।

यात्रा मंगलवार को जनकपुरधाम पहुंची, जहां मुख्यमंत्री यादव पहले से मौजूद रहे और भगवान राम–जानकी की पालकी को रत्नसागर मठ से जानकी मंदिर तक लाया गया। वहां से जनकपुर के विभिन्न मठ-मंदिरों की पालकियों को शामिल कर सामूहिक परिक्रमा शुरू की गई। पालकी के पीछे पारंपरिक बाजा–गाजा और मौलिक मिथिला परिधान में सजे श्रद्धालु शामिल हुए।

15 दिनों तक चलने वाली 120 किलोमीटर लंबी यह परिक्रमा हर वर्ष फाल्गुन कृष्ण अमावस्या से पूर्णिमा तक आयोजित होती है, जिसमें 90 किलोमीटर नेपाल और 30 किलोमीटर भारत से होकर गुजरती है। नेपाल–भारत के बीच सांस्कृतिक सेतु के रूप में पहचानी जाने वाली यह परिक्रमा धनुषा, महोत्तरी तथा बिहार के दर्जनों धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों से गुजरती है।

मिथिला माहात्म्य के अनुसार मध्यमा मिथिला परिक्रमा की शुरुआत 18वीं शताब्दी से पहले मानी जाती है। विष्णु पुराण में मिथिला की तीन प्रकार की परिक्रमाओं का उल्लेख है। ‘बृहत् मिथिला परिक्रमा’ कम संत–महात्मा करते हैं। यह परिक्रमा गंगा नदी से शुरू होकर नेपाल के धौलागिरी पर्वत, हिमालय और कोशी नदी से गुजरकर पुनः गंगा तक जाती है। कल्याणेश्वर से शुरू होने वाली परिक्रमा को ‘मध्यमा परिक्रमा’ कहा जाता है, और जनकपुरनगर के आसपास की परिक्रमा को ‘लघु’ अथवा ‘अंतरगृह परिक्रमा’ कहा जाता है।

प्रत्येक विश्राम स्थल पर मिथिला माहात्म्य की कथा-वाचन की परंपरा है। परिक्रमा के अंतर्गत कुल 15 पड़ाव होते हैं, जिनमें चार भारत में और शेष नेपाल में हैं। परिक्रमावासी हनुमाननगर, कलना स्थित कल्याणेश्वर, फूलहर का गिरिजास्थान, मठिहानी, जलेश्वर, मडैई, धुव्रकुंड, कंचनवन, पर्वता, धनुषाधाम, सतोखर, औरही से होते हुए पुनः भारत के करुणा और विसौल तक पदयात्रा करेंगे। 15वें दिन जनकपुर की अंतरगृह परिक्रमा कर मध्य परिक्रमा संपन्न होगी और अगले दिन मिथिला क्षेत्र में होली पर्व मनाया जाएगा।

जनकपुरधाम में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने रामायण सर्किट को प्राथमिकता देने और अयोध्या से जनकपुरधाम के लिए हवाई कनेक्टिविटी विस्तार की योजना की जानकारी दी, जिसमें प्रतिदिन लगभग 500 यात्रियों के सीधे आने के लिए फ्लाइट संचालन की तैयारी शामिल है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़

तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में तैनात किए छह एफ-16 विमान

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के बीच तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में छह एफ-16 लड़ाकू विमान और वायु रक्षा प्रणाली तैनात कर इलाके की सुरक्षा मज़बूत की है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ज्वाला ने जन्म दिए पांच शावक

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों की संख्या 53 कर दी।

पश्चिम एशिया संकट से रुपये का दबाव, 92.35 पर पहुंची मुद्रा

पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की तेजी के कारण रुपये डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 92.35 पर पहुंच गया।

कर्तव्य पथ पर ‘शी लीड्स भारत’ शक्ति वॉक, 3000 महिलाएं लेंगी भाग

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन होगा।

19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी रामलला के दर्शन, राम मंदिर निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को राम मंदिर में दर्शन करेंगी और मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष योजना बनाई गई है।