काठमांडू, 09 मार्च।
नेपाल के प्रतिनिधि सभा चुनाव में इस बार 132 नए सांसद चुने गए हैं, जो पहली बार संसदीय प्रक्रिया में कदम रखेंगे। इन नए सांसदों ने राजनीतिक परिदृश्य में ताज़गी और बदलाव की उम्मीद जगाई है।
नए सांसदों में सबसे बड़ा हिस्सा राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी का है। इस पार्टी के 110 सांसद पहली बार संसद में पहुंचे हैं। इनमें प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेन्द्र शाह भी शामिल हैं, जिन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा और चार बार सत्ता के शिखर पर रहे पूर्व प्रधानमंत्री केपी ओली को पराजित किया। अब वे दो तिहाई बहुमत के साथ प्रधानमंत्री बनने की तैयारी कर रहे हैं।
पुराने और स्थापित दलों में भी बदलाव की लहर दिखाई दे रही है। नेपाली कांग्रेस से 11 नए नेता जनप्रतिनिधि के रूप में निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा सीपीएन यूएमएल से 4, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी से 3 और श्रम संस्कृति पार्टी से 3 नए सांसद संसद में पहुंचे हैं।



