काठमांडू, 07 मार्च 2026।
नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव की मतगणना लगातार तीसरे दिन भी जारी रही, जिसमें राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार बालेन शाह ने झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेकपा (एमाले) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली पर निर्णायक बढ़त बना ली है।
चुनाव आयोग के अनुसार मतगणना की प्रक्रिया अभी जारी है। बालेन शाह को अब तक 42,543 मत प्राप्त हुए हैं, जबकि केपी शर्मा ओली उनसे 31,116 मतों से पीछे चल रहे हैं। काठमांडू महानगर के मेयर पद से इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में उतरे बालेन शाह को उनकी पार्टी ने प्रधानमंत्री पद का संभावित उम्मीदवार भी घोषित किया है।
इस चुनाव में बालेन शाह का मुकाबला ओली से हो रहा है, जो नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी) के अध्यक्ष हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार अभी तक बालेन शाह 42,543 मत, ओली 11,427 मत, श्रम संस्कृति पार्टी के समीर तामांग 7,107 मत, नेपाली कांग्रेस की मंधरा चिमरिया 1,202 मत और नेकपा के रंजित तामांग 911 मत प्राप्त कर चुके हैं।
ओली का मजबूत राजनीतिक गढ़ माने जाने वाले झापा-5 क्षेत्र में बालेन शाह की बढ़त को राजनीतिक विश्लेषकों द्वारा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। काठमांडू में स्वतंत्र रूप से कार्य करके लोकप्रियता हासिल करने वाले बालेन शाह को उनकी पार्टी ने प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे के रूप में आगे बढ़ाया है।
पांच मार्च को हुए मतदान के बाद से ही बालेन शाह मतगणना में आगे चल रहे हैं और झापा क्षेत्र के ग्रामीण तथा शहरी दोनों क्षेत्रों से उन्हें उल्लेखनीय समर्थन मिल रहा है।



