काठमांडू, 07 मार्च 2026।
नेपाल के प्रतिनिधि सभा चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली समेत नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) के कई वरिष्ठ नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है। चुनाव परिणामों में पार्टी के दस से अधिक बड़े नेता पराजित हो गए हैं, जिसके चलते ओली नई संसद का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
जानकारी के अनुसार पार्टी के कुल 19 पदाधिकारियों में से 11 नेताओं ने प्रत्यक्ष चुनाव लड़ा था। निर्वाचन आयोग के मुताबिक इनमें नेकपा एमाले के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली के साथ उनके तीन उपाध्यक्ष विष्णु पौडेल, पृथ्वी सुब्बा गुरूंग और गोकर्ण विष्ट भी चुनाव हार गए हैं।
इसी तरह पार्टी के महासचिव शंकर पोखरेल, उपमहासचिव रघुवीर महासेठ और लेखराज भट्ट भी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव नहीं जीत सके। सचिव स्तर के नेताओं में महेश बस्नेत, शेरधन राई, राजन भट्टराई तथा भानुभक्त ढकाल को भी हार का सामना करना पड़ा है।
पार्टी के कुछ अन्य पदाधिकारी समानुपातिक सूची में शामिल हैं, लेकिन इसके लिए पार्टी को न्यूनतम तीन प्रतिशत मत हासिल करना जरूरी होगा। चूंकि प्रत्यक्ष चुनाव में पार्टी की ओर से कोई भी महिला सदस्य निर्वाचित नहीं हुई है, ऐसे में तीन प्रतिशत मत मिलने की स्थिति में प्राथमिकता महिलाओं को दी जाएगी। इस कारण समानुपातिक प्रणाली से किसी पुरुष पदाधिकारी के चुने जाने की संभावना कम दिखाई दे रही है।



