काठमांडू, 07 मार्च 2026।
काठमांडू में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने एक बार फिर चितवन निर्वाचन क्षेत्र-2 से भारी मतों से विजयी घोषित हुए हैं। उन्होंने अपनी पार्टी को मजबूत बढ़त दिलाते हुए तीसरी बार इस सीट पर जीत हासिल की। मतगणना परिणाम आने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।
रवि लामिछाने ने कुल 54,402 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेपाली कांग्रेस की मीना खरेल को बड़े अंतर से पराजित किया। मीना खरेल को 14,564 वोट मिले, जबकि लामिछाने ने 39,468 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इस सीट पर अन्य उम्मीदवारों में नेकपा एमाले के असीम घिमिरे को 6,992 वोट और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के प्रताप गुरूंग को 4,969 वोट मिले।
चितवन-2 निर्वाचन क्षेत्र में कुल 87,028 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें से 2,796 वोट अमान्य घोषित किए गए। यह लगातार तीसरी बार है जब रवि लामिछाने ने इस क्षेत्र से चुनावी जीत दर्ज की है। इससे पहले वह वर्ष 2022 के आम चुनाव और 2023 के उपचुनाव में भी इसी क्षेत्र से विजयी हुए थे।
रवि लामिछाने पर दोहरी नागरिकता लेने का आरोप लगने के बाद सर्वोच्च अदालत ने उनका सांसद पद अमान्य घोषित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने अमेरिकी ग्रीन कार्ड छोड़कर पुनः नेपाली नागरिकता प्राप्त की और रिक्त हुई सीट पर हुए उपचुनाव में फिर से जीत दर्ज की थी।



