काठमांडू, 07 मार्च 2026।
नेपाल में प्रतिनिधि सभा के प्रत्यक्ष चुनाव की मतगणना 161 निर्वाचन क्षेत्रों में जारी है, लेकिन भौगोलिक और मौसम संबंधी कठिनाइयों के कारण चार निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक मतगणना शुरू नहीं हो सकी है। चुनाव आयोग के अनुसार दूरस्थ क्षेत्रों से मतपेटिकाएं पहुंचाने में हो रही देरी इसका मुख्य कारण है।
निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि संखुवासभा-1, गोरखा-1, मुगु-1 और धनुषा-1 में अभी तक मतगणना शुरू नहीं हो पाई है। संखुवासभा-1 में मतपेटिकाएं पहुंच चुकी हैं और सभी दलों की बैठक के बाद आज शाम से मतगणना शुरू होने की संभावना है।
गोरखा-1 में दूरस्थ क्षेत्रों से मतपेटिकाएं सेना के हेलीकॉप्टर के माध्यम से लाई जा रही हैं। मुगु-1 में मतपेटिकाएं पहुंचने के बाद ही मतगणना प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
धनुषा-1 में मतगणना प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के बीच सहमति बनाने का प्रयास जारी है। यहां पहले मतगणना शुरू हो चुकी थी लेकिन दलों के बीच विवाद के कारण पिछले 36 घंटों से मतगणना रुकी हुई है। जल्द ही सहमति बनने के बाद मतगणना शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।



