काठमांडू, 07 मार्च 2026।
नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव की मतगणना के बीच देश के राजनीतिक इतिहास में पहली बार किसी एक दल को दो-तिहाई बहुमत मिलने की संभावना बनती दिख रही है। चुनावी रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी तेजी से मजबूत स्थिति की ओर बढ़ती नजर आ रही है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह परिणाम ऐतिहासिक साबित हो सकता है।
165 सीटों पर हुए प्रत्यक्ष निर्वाचन में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को 120 से अधिक सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है। अभी तक पार्टी 22 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 99 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है। कई सीटों पर बड़ी बढ़त के कारण यहां भी जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
ताजा रुझानों के अनुसार राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली में 120 से अधिक सीटों का आंकड़ा पार करती दिख रही है। यदि समानुपातिक मतों में भी पार्टी को इसी तरह समर्थन मिलता है तो दो-तिहाई बहुमत हासिल होने की संभावना और मजबूत हो जाएगी। यदि यह नतीजे अंतिम रूप लेते हैं तो नेपाल के संसदीय इतिहास में यह पहली बार होगा जब किसी एक दल को इतना बड़ा जनादेश मिलेगा।



