काठमांडू, 05 मार्च 2026
नेपाल के हिमालयी और दुर्गम क्षेत्रों में प्रतिनिधि सभा चुनाव की मतगणना शुक्रवार से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने बताया कि आसान और सुलभ क्षेत्रों में मतगणना आज ही शुरू हो जाएगी, जबकि दूरदराज़ और पहाड़ी क्षेत्रों में इसे शुक्रवार तक स्थगित किया गया है।
निर्वाचन आयोग के कार्यवाहक प्रमुख आयुक्त रामप्रसाद भण्डारी ने बताया कि दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों से मतपेटिकाओं को हेलीकॉप्टर के माध्यम से लाना पड़ता है। इस कारण इन इलाकों से सभी मतपेटिकाओं को इकट्ठा करने में समय लग रहा है। भण्डारी ने कहा कि सभी क्षेत्रों से मतपेटिकाएँ अब एकत्र की जा रही हैं और कई दूरस्थ स्थानों से उन्हें हेलीकॉप्टर से लाना पड़ रहा है, इसलिए इन क्षेत्रों में मतगणना शुक्रवार से ही शुरू होगी।
दूरदराज़ क्षेत्रों के कई मतदान केन्द्रों की मतपेटिकाएँ पहले जिला या क्षेत्रीय केन्द्रों तक पहुँचाई जाएंगी, उसके बाद ही मतगणना शुरू होगी। आयोग की जानकारी के अनुसार सोलुखुम्बु, संखुवासभा और ताप्लेजुङ जिलों के 16 मतदान स्थलों की मतपेटिकाएँ, गण्डकी प्रदेश के 32 मतदान स्थल, रसुवा, दोलखा और धादिङ जिलों के कुछ मतदान केन्द्रों की मतपेटिकाएँ कल सुबह तक ही एकत्रित हो पाएंगी।
इसी प्रकार लुम्बिनी प्रदेश के रुकुम पूर्व के 7 मतदान स्थल तथा कर्णाली प्रदेश के हुम्ला, डोल्पा और रुकुम पश्चिम के 40 मतदान स्थलों की मतपेटिकाएँ भी हेलीकॉप्टर के माध्यम से लाई जाएंगी। इसके बाद इन निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना शुक्रवार से शुरू होगी। साथ ही, सुदूरपश्चिम प्रदेश के दार्चुला, बाजुरा और बझाङ जिलों के 20 मतदान स्थलों की मतपेटिकाएँ भी दूरस्थ इलाकों से लानी पड़ेंगी, जिसके कारण वहां की मतगणना शुक्रवार से ही संभव होगी।



