ढाका, 17 फरवरी।
बांग्लादेश में मंगलवार से नया राजनीतिक अध्याय शुरू हो रहा है, जब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इसी माह हुए आम चुनाव में उनकी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
आज तारिक रहमान नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन दोपहर को जातीय संसद के साउथ प्लाजा में नए मंत्रिमंडल सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। प्रोथोम आलो ने राष्ट्रीय संसद सचिवालय का हवाला देते हुए बताया कि नव निर्वाचित संसद सदस्यों और संवैधानिक सुधार परिषद के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10:00 बजे जातीय संसद भवन के शपथ कक्ष में शुरू होगा। मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 4:00 बजे होगा।
इससे पहले बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने इस्तीफे से पहले विदाई भाषण में भारत के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भारत का नाम लिए बिना पूर्वोत्तर भारत के सात राज्यों को सेवन सिस्टर्स कहकर संबोधित किया।
उल्लेखनीय है कि 5 अगस्त 2024 को हुए छात्र-जन आंदोलन के बाद चुनी हुई सरकार की यह औपचारिक स्थापना है। इससे पहले 13वें आम चुनाव में बीएनपी ने देश की 297 में से 209 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की, जबकि जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें मिलीं।
तीन दशकों से अधिक समय तक पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और दिवंगत खालिदा जिया के इर्द-गिर्द घूमते रहे बांग्लादेश में 35 साल बाद तारिक रहमान के रूप में नया प्रधानमंत्री मिल रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभा स्पीकर ओम बिरला करेंगे।



