काठमांडू, 18 फरवरी।
नेपाल के विदेशमंत्री बालानंद शर्मा ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें बधाई दी, साथ ही नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की ओर से शुभकामना संदेश सौंपा, जिसमें नेपाल–बांग्लादेश संबंधों को आपसी सम्मान, साझा प्राथमिकताओं और साझेदारी के आधार पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
ढाका स्थित नेपाली राजदूतावास के बयान में कहा गया कि विदेशमंत्री शर्मा ने 12 फरवरी को हुए राष्ट्रीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की निर्णायक जीत पर रहमान को बधाई दी और बांग्लादेश में शांतिपूर्ण व सफल लोकतांत्रिक सत्ता हस्तांतरण की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री रहमान ने शपथ ग्रहण समारोह में शर्मा की उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया और इसे नेपाल सरकार और नेपाली जनता की एकजुटता तथा सद्भावना का प्रतीक बताया।
बयान में दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संपर्क, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। रहमान ने नेपाल में आगामी पांच मार्च को होने वाले संसदीय चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि नेपाल में भी आम चुनाव के जरिए जनता के चुने हुए प्रतिनिधि को शांतिपूर्ण ढंग से सत्ता हस्तांतरण मिलेगा।
बैठक से पहले विदेशमंत्री शर्मा ने बांग्लादेश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया और अपनी यात्रा के दौरान विपक्ष के नेता डॉ. शफीकुर रहमान तथा जमात-ए-इस्लामी के अमीर से भी मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा की। विदेशमंत्री की बांग्लादेश यात्रा 19 फरवरी तक जारी रहेगी।



