काठमांडू, 10 मार्च।
नेपाल में प्रतिनिधि सभा के सभी 165 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम मंगलवार सुबह घोषित कर दिए गए। निर्वाचन आयोग ने प्रत्यक्ष रूप से निर्वाचित सभी उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा पत्रकार सम्मेलन में की। चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने 125 सीटों पर जीत दर्ज कर सर्वाधिक सफलता हासिल की।
सबसे अंतिम परिणाम संखुवासभा का जारी किया गया, जहां नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) के अर्जुन कुमार कार्की ने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के मिंगमा शेर्पा को पराजित किया। वहीं, धनुषा-1 निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवारों की उम्मीदवारी खारिज होने के कारण विवाद उत्पन्न हुआ, लेकिन आयोग ने नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा) के मातृका प्रसाद यादव को विजयी घोषित किया। आरएसपी के उम्मीदवार इस मामले को लेकर अदालत गए हैं।
प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली के तहत कुल सीटों का विवरण इस प्रकार है: राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी – 125 सीट, नेपाली कांग्रेस – 18 सीट, नेकपा (एमाले) – 9 सीट, नेकपा (पूर्व माओवादी) – 8 सीट, श्रम संस्कृति पार्टी – 3 सीट, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी – 1 सीट। इसके अलावा म्याग्दी से स्वतंत्र उम्मीदवार महावीर पुन भी निर्वाचित हुए हैं।
प्रतिनिधि सभा के कुल 275 सदस्यों के लिए 5 मार्च को पूरे देश में मतदान कराया गया था। समानुपातिक प्रणाली के तहत अब तक एक करोड़ मतों की गिनती पूरी हो चुकी है।


.jpg)
