श्रीनगर, 09 मार्च।
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के लिए नया मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार 9 मार्च को प्रदेश के आसमान में बादल छाए रहेंगे और ऊंचे इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
10-11 मार्च को कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गांदरबल, अनंतनाग और किश्तवाड़ के ऊंचे इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो सकती है। इन जिलों के ऊंचे इलाकों और महत्वपूर्ण दर्रों में अस्थायी यातायात बाधित होने की चेतावनी जारी की गई है।
किसानों को 10 से 12 मार्च के दौरान कृषि कार्य स्थगित करने की सलाह दी गई है। 9 मार्च के बाद दिन के तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। 12 से 15 मार्च तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा। 9 से 11 मार्च के दौरान गरज और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा) के चलने की संभावना है। 16 से 18 मार्च के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।


