जयपुर, 10 मार्च।
राजस्थान में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 10 और 11 मार्च के लिए जैसलमेर, बाड़मेर सहित चार जिलों में हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप देखने को मिली। सोमवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पिलानी में तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। यहां सोमवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर तेज धूप के कारण देर शाम तक गर्मी बनी रही। इसके साथ ही हवा में नमी का स्तर घटकर लगभग 30 प्रतिशत तक रह गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी महीने में उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा हुई, जिसके कारण जमीन तेजी से गर्म हो रही है। वर्तमान में पश्चिम और मध्य भारत के ऊपर एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले एक सप्ताह में प्रदेश के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।



