जयपुर, 17 फरवरी।
राजस्थान में मौसम ने फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद बीकानेर, जयपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है। विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार सुबह से जयपुर सहित कई जिलों में तेज हवा चल रही है और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 18 फरवरी को सबसे अधिक रहेगा।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर आसमान साफ रहा और दिन में तेज धूप निकली। सिरोही, हनुमानगढ़ और बारां को छोड़कर शेष शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। सबसे अधिक तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि 17 और 18 फरवरी को कोटा, उदयपुर, भरतपुर संभाग सहित बीकानेर, जयपुर और अजमेर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि 18 फरवरी को यह सिस्टम चरम पर होगा, जबकि 19 फरवरी से मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा।



