रायगढ़, 23 फरवरी 2026।
रायगढ़ जिले की तमनार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गौवंश तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों से आठ गौवंशों को मुक्त कराया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ पशु तस्कर गोढी से बासनपाली मार्ग होते हुए गौवंशों को बेरहमी से मारते-पीटते ओडिशा के बूचड़खाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चुहकीडीपा रोड गोढी में घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम देव लाल मिंज, उम्र 26 वर्ष, निवासी पंडीझरिया करवारजोर थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ और रंजीत तिर्की, उम्र 28 वर्ष, निवासी करवारजोर उरांवपारा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ बताया। आरोपियों ने गोढी पेट्रोल पंप और आमाघाट रेलवे ब्रिज के आसपास चर रहे पालतू गौवंशों को पकड़कर भूखे-प्यासे हालत में पैदल ओडिशा ले जाकर बिक्री के उद्देश्य से परिवहन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



