सुपौल, 02 मार्च 2026
सुपौल जिले में सुरक्षा बलों ने मवेशी तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी, बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी नरपतपट्टी के जवानों ने पेट्रोलिंग के दौरान नौ मवेशियों और एक पिकअप वाहन को जब्त किया, जबकि तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान आठ गाय और एक बछड़ा बरामद किया गया।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट ने बताया कि सीमा चौकी क्षेत्र में मवेशी तस्करी की सूचना मिलने पर विशेष पेट्रोलिंग दल का गठन किया गया था। पेट्रोलिंग के दौरान दल ने स्पर संख्या 1775 के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन को आते देखा। वाहन को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें मवेशी मिले। इसके बाद वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की गई।
पकड़े गए आरोपितों ने अपना नाम मोहम्मद फयाज निवासी ग्राम शाहपुर जिला सुपौल, मोहम्मद राजमूल निवासी ग्राम सतनपट्टी जिला सुपौल और मोहम्मद शमीबिल्ला निवासी ग्राम नरपतपट्टी जिला सुपौल बताया। आरोपित मवेशियों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बरामद नौ मवेशियों और टाटा पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपितों को अररिया जिले के कुर्साकांटा स्थित फाटक कमलदाह पुलिस के हवाले कर दिया गया। सशस्त्र सीमा बल ने कहा कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा बल लगातार सतर्क और सक्रिय हैं।



