कोलकाता, 20 फ़रवरी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान पूर्णम कुमार साव को बीएसएफ में पुनः बहाल कर दिया गया है। उन्होंने इस फैसले पर खुशी व्यक्त करते हुए देश के गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया।
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि 23 अप्रैल को पाकिस्तानी सेना ने जवान पूर्णम कुमार साव को हिरासत में लिया था। बाद में भारतीय सेना और केंद्र सरकार के प्रयासों से वह सुरक्षित लौट आए। हालांकि सेना के नियमों के तहत उन्हें तुरंत ड्यूटी पर बहाल नहीं किया गया था। उनके लंबे सेवा रिकॉर्ड और अपील पर विचार करने के बाद उन्हें उनके पुराने पद पर पुनर्बहाल करने का निर्णय लिया गया।
पूरणम कुमार साव को तुरंत बीएसएफ की 24वीं बटालियन में ड्यूटी शुरू करने की अनुमति दे दी गई है। अधिकारी ने कहा कि सीमा की रक्षा करने वाले जवानों के साहस और बलिदान को सम्मान देने से सुरक्षा बलों का मनोबल और मजबूत होता है।
शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पोस्ट के अंत में देशभक्ति का संदेश देते हुए लिखा “जय हिंद।”



