कोलकाता, 2 मार्च।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पार्टी अपने व्हाट्सएप समूहों के जरिए बीजेपी समर्थकों को निशाना बनाने की साजिश कर रही है। मथुरापुर संगठनात्मक जिले में गृह मंत्री अमित शाह की ‘परिवर्तन यात्रा’ सभा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं और समर्थकों को युवा साथी योजना तथा लक्ष्मीर भांडार जैसी सरकारी सुविधाएं बंद करने की धमकी दी जा रही है।
डॉ. मजूमदार ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक कथित व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसमें इस तरह की चेतावनी का जिक्र है। उन्होंने इसे समाजविरोधी और प्रतिशोध की भावना से प्रेरित बताया। उनका दावा है कि टीएमसी ने स्थानीय स्तर पर बूथ नेतृत्व को निर्देश दिया है कि ऐसे लोगों की पहचान कर भविष्य में कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल बन रहा है और लोकतांत्रिक अधिकारों पर असर पड़ रहा है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि इस तरह की राजनीतिक धमकियां गांवों में डर का वातावरण तैयार कर रही हैं। उन्होंने प्रदेश के लोगों से इस कथित राजनीतिक प्रतिशोध का जवाब देने और सभी सबूत सुरक्षित रखने की अपील की। यह बयान ऐसे समय आया है जब बीजेपी की ‘परिवर्तन यात्रा’ राज्यभर में सक्रिय रूप से चल रही है।
गौरतलब है कि सोमवार को मथुरापुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाने वाले हैं।



